सुदामा पांडेय 'धूमिल'

सुदामा पांडेय 'धूमिल'

Tuesday, March 22, 2011

डूबता हुआ सूरज बहुत कुछ कहता है

डूबता हुआ सूरज क्या कहता है.....शायद बहुत कुछ या कुछ भी नहीं.....या कुछ यू कहे की जो आप सुनना चाहते है वही कहता है. आप भी कभी कोशिश कीजियेगा उसको सुनाने का, समझाने का और उससे बात करने का. अच्छा लगेगा ऐसा मेरा विस्वास है .मेरा अनुभव कुछ अलग था पहली बार शायद मैंने उसे इतना करीब महसूस किया. मुझे वो बहुत उदास लगा और पता नहीं क्यों न चाहते हुए भी मैंने उसे सुना उसे समझाने की एक कोशिश किया. उसका डूबना बिलकुल बेचैन कर देने वाला पल था. इससे पहले न जाने कितनी बार वो डूबा होगा लेकिन आज उसका डूबना कुछ अलग था......शायद बिल्कुल अलग था.........



कोशों दूर बैठा मैं डूबते सूरज को देखता रहा
जैसे कुछ कह रहा हो -
आज दिन भर जला है वो,
सारा जिस्म लाल हो गया है
पर क्या तुमने कभी सूरज के लाल जिस्म को देखा है?
कोशों दूर बैठा मैं डूबते सूरज के घायल जिस्म को देखता रहा
मानो कुछ कह रहा हो!

बस कुछ ही पल बाकी है,
हाँ अब उसके अंदर वो आग नहीं रही
मै उससे आँखे मिला सकता हूँ
मै उसके डूबती नब्जों के आवाज को सुन सकता हूँ
पंखुडियां बंद करते फूलों के बुदबुदाहट में,
मै सुन सकता हूँ उसकी आखरी आवाज को
पर क्या तुमने कभी बिखरते सूरज की आह सुनी है,
कोशों दूर बैठा डूबते सूरज की आह को मै सुनता रहा,
जैसे कुछ कह रहा हो

सूर्यास्त से थोड़ी देर पहले उसके चेहरे पे इक हंसी थी
क्योकि बहुत दूर बैठे वो भी मुझे देख रहा था,
बिल्कुल आपनी तरह, एकदम शांत, चुपचाप लोगों से अलग
पर क्या तुमने कभी धलते हुए आदमी और
डूबते हुए सूरज को देखा है ?
कोशों दूर बैठे हम दोनों इक दुसरे को सुनते रहे
हाँ मै उसे सुनता रहा क्योकि -
डूबता हुआ सूरज बहुत कुछ कहता है !!

कोशों दूर बैठा मैं डूबते सूरज को देखता रहा
जैसे कुछ कह रहा हो !!

Tuesday, November 9, 2010

धूमिल का खेवली



वहाँ न जंगल है न जनतंत्र
भाषा और गूँगेपन के बीच कोई
दूरी नहीं है।
एक ठंडी और गाँठदार अंगुली माथा टटोलती है।
सोच में डूबे हुए चेहरों और
वहां दरकी हुई ज़मीन में
कोई फ़र्क नहीं हैं।

वहाँ कोई सपना नहीं है। न भेड़िये का डर।
बच्चों को सुलाकर औरतें खेत पर चली गई हैं।
खाये जाने लायक कुछ भी शेष नहीं है।
वहाँ सब कुछ सदाचार की तरह सपाट
और ईमानदारी की तरह असफल है।

हाय! इसके बाद
करम जले भाइयों के लिए जीने का कौन-सा उपाय
शेष रह जाता है, यदि भूख पहले प्रदर्शन हो और बाद में
दर्शन बन जाय।
और अब तो ऐसा वक्त आ गया है कि सच को भी सबूत के बिना
बचा पाना मुश्किल है।


जी हाँ ये धूमिल का खेवली है, जहाँ न तो जंगल है न ही जनतंत्र और न ही किसी का डर. पूरी दुनिया से बेखबर अपनी ही रफ़्तार से दौड़ता हुआ एक गावं. जहाँ पे एक गूँगा आदमी भी अपने आप को उतना ही सक्षम पता है जितना की एक आम आदमी. एक बार एक गूंगे आदमी को देखकर धूमिल कहतें हैं कि "साले के पास जुबान नहीं है, लेकिन यह पूरे शरीर से बोल रहा है. अब मुझे लग रहा है कि वह थोड़ी देर में घुटनों से बोल पड़ेगा". धूमिल आगे लिखते है कि -

"जो छाया है, सिर्फ़ रात है
जीवित है वह - जो बूढ़ा है या अधेड़ है
और हरा है - हरा यहाँ पर सिर्फ़ पेड़ है"

आज धूमिल का जन्मदिन है और पूरा गावं अपने महानायक को अपनी श्रधांजलि दे रहा है. वरुण नदी के किनारे बसा एक गावं जो हिंदी साहित्य को कभी न भुलाने वाली अनेकों अमर कृतियाँ दी हैं. एक गावं जो संसद से सड़क तक का सफ़र तय करता है और गलत लोगों को एक कठगरे में खड़ा करती है. एक गावं, जिसमे रहते हुए धूमिल ने न जाने कितने पात्रो को हमेशा - हमेशा के लिए जीवित कर दिए, न जाने कितने मोचीराम ने लोगों को जीने का तर्क सिखाया है और न जाने कितने ही मेमन सिंह की पहचान करती है. हिंदुस्तान के नक्शे में अपने वजूद को तलाशता हुआ खेवली समय के साथ वहुत बदला.

खेवली में बातें बदली, विश्वास बदला, यहाँ तक कि संकल्पों के अर्थ बदले, दोस्ती - दुश्मनी कि जमीं बदली. दुआ सलामों कि जमीं पर आशीर्वचनों के गंतव्य बदले. रास्ते - पैड़े बदले, डांड - मेंड़ और पगडंडियाँ बदली, होली के रंग बदले, दीवाली के दीपों के ढंग बदले. त्योहार बंटे, व्यवहार बंटे और बंटे - बदले खेवली के लोंग. बैठकी बदली, बैठक करने वाले बदले. दरबार बदल, दरबारियों कि सेहत बदली, उनके ओहदे बदले और बदल गयी शतरंज कि पूरी विशात; अपने मोहरों के साथ. इतिहास के गर्त में समा गए वे लोग जिनके पेशाब से खेवली में कभी चिराग जलाते थे और जिनकी मर्जी के खिलाफ एक पत्ता भी नहीं हिलता था. अजेय दुर्गों में भग्नावशेष विधवा विलाप करते पसर गए, मर गए युवा संकल्पों के कितने ऐसे सपने जो अपने लोगों के सवालों पर देखे गए थे. भर गए वे घाव जो कभी 'हंसुआ यज्ञ' कि ज्वाला ने दिया था और जो 'लाल धोड़ा' कि खुरों के भीषण आधात से उपजे थे.

हर तरफ ऊब थी
संशय था
नफरत थी
मगर हर आदमी अपनी ज़रूरतों के आगे
असहाय था। उसमें
सारी चीज़ों को नये सिरे से बदलने की
बेचैनी थी ,रोष था
लेकिन उसका गुस्सा
एक तथ्यहीन मिश्रण था:
आग और आँसू और हाय का

फिर खेवली में शुरू होता है एक तेजस्वी परिक्षण, रोटी के सवाल पर, रोजगार के सवाल पर, इज्जत के सवाल पर, इमां के सवाल पर, सम्मान के सवाल पर तथा खुद को जिन्दा रखने के सवाल पर. उन्ही सरे सवालों पर उन्होंने खेवली के लोगों के साथ हर एक - एक को आवाज दिया. वे कहते है -

"हमने हर एक को आवाज दी है
हर एक का दरवाजा खटखटाया है
मगर जिसकी पूंछ
उठाई उसको मादा पाया है "

यानी टूटते विस्वाश और मोहभंग कि वह स्थिति जहाँ आदमी निराश एवं अकेला महसूस करता है. अपने उन लोगों द्वारा जो संघर्ष के साथी और दुःख के भागीदार होने का दम भरते हैं. इसीलिए कविता धूमिल के यहाँ घेराव में बौखलाए आदमी का संक्षिप्त एकालाप बन जाती है.

सुदामा पाण्डेय से धूमिल तक का सफर जितना अद्भुत और आश्चर्यचकित लगता है वह उतना ही कठिन भी है. ठीक उतना ही जितना कि खेवली के एक छोटे से गावं से निकलकर हिंदी साहित्य ने आपनी एक अलग पहचान बनाना. और इस सफ़र में खेवली का बहुत बड़ा हाँथ है. आजादी का मोहभंग पहले उनके गावं से शुरु होती है और वो कहते है कि -
"चेहरा-चेहरा डर लगता है
घर बाहर अवसाद है
लगता है यह गाँव नरक का
भोजपुरी अनुवाद है। "

ये मोहभंग खेवली से शुरु होकर हिंदुस्तान के हर शेत्र तक अपना असर छोड़ती है. धूमिल आगे लिखते है कि "सचमुच मजबूरी है / मगर जिन्दा होने के लिए / पालतू होना जरूरी है."
खेवली कि समस्या केवल खेवली कि ही नहीं बल्कि पुरे देश कि समस्या थी, और धूमिल इस बात को भली भाती जानते थे. शायद यही बात है कि धूमिल की कविताओं में खेवलीपन या यूँ कहे की गवईपन उभर कर सामने आती है.

लोहसाँय चालू होती है
एक एक कर आते हैं किसान
खेतिहर... मजूर
गाँव गिराँव से
सलाम-रमरम्मी के बाद
ठेलू फरगता है फाल
गड़सा, खुरपी, कुदाल
हँसी मजाक, बतकही चलती रहती है
इसी के दौरान
इधर उधर देखकर
धीरे से कहता है टकू बनिहार
...'हँसुये पर ताव जरी ठीक तरे देना
कि धार मुड़े नहीं आजकल
छिनार निहाई ने
लोहे को मनमाफिक हनने के लिए
हथोड़े से दोस्ती की है'

धूमिल ने पहले खेवली को जिया है और इसीलिए वे उनकी सभी समस्याओं से अच्छी तरह वाकिफ थे. क्योकि धूमिल मानते है कि एक सही कविता पहले एक सार्थक व्यक्तव्य होती है. लोगो के दर्द को समझने के लिए पहले उसको जीना पड़ता है,जिसको धूमिल ने जिया है. तभी तो किसी ने उन्हें गरीबों का मसीहा कहा तो किसी ने आम आदमी की लड़ाई लड़ने के लिए कठगरे में खड़ा एक कवी कहा. कशी का अस्सी में काशीनाथ सिंह ने लिखा है की धूमिल के जाने के बाद ऐसा लगा जैसे घर से बेटी चली गयी हो. लोगो के दर्द को धूमिल ने कविता के माध्यम से कुछ इस तरह लिखा है -

रोटी खरी है बीच में
पर किनारे पर कच्ची है
सब्ज़ी में नमक ज़्यादा है
पता नहीं होटल के मालिक का पसीना है या
'महराज' के आँसू
(इस बार भी देवारी में उसे घर जाने की
छुट्टी नहीं मिली)


जब हम धूमिल की कविताओं को पढ़ते है तो ऐसा लगता है कि वह एक आम आदमी कि बात है, एक आम आदमी कि लडाई है और उस सबसे बढाकर कही न कही वह एक आम आदमी का दर्द है . उनकी कविता कभी हमारी एकालाप को आपनी आवाज देता है तो कभी एक नई शब्दों का सृजन करतें है जिससे हम अपनी बातों को रख सकते है . कभी हमारे अपनों के बीच कि दीवार को गिराने कि लिए अपनेपन कि एक नयी परिभाषा देती है तो कभी शब्दों कि भुन्नाशी ताले को खोलने कि लिए एक नई तरकीब देता है.


कोई पहाड़
संगीन की नोक से बड़ा नहीं है .
और कोई आँख
छोटी नहीं है समुद्र से
यह केवल हमारी प्रतीक्षाओं का अंतर है -
जो कभी
हमें लोहे या कभी लहरों से जोड़ता है

१० फरवरी १९७५ को ब्रेन ट्यूमर से लड़ता हुआ एक महान कवी अपनी जिंदगी की लड़ाई हर गया.आज धूमिल हमारे बीच नहीं है मगर उनकी सार्थकता हमेशा बनी रहेगी. आज भी वरुण की कलकलाहत में हम धूमिल को महशूस कर सकतें है, आज भी धूमिल जिन्दा है खेवली के विचारों में,लोगों के सुख में, दुःख में और खेवली के हवाओं में. जिंदगी के अंतिम पड़ाव पे भी धूमिल ने कविता का और अपने गावं खेवली का साथ नहीं छोड़ा, चलते - चलते आप लोगों के लिए धूमिल की अंतिम कविता पेश करता हूँ -

"शब्द किस तरह
कविता बनते हैं
इसे देखो
अक्षरों के बीच गिरे हुए
आदमी को पढ़ो
क्या तुमने सुना की यह
लोहे की आवाज है या
मिट्टी में गिरे हुए खून
का रंग"

लोहे का स्वाद
लोहार से मत पूछो
उस घोड़े से पूछो
जिसके मुँह में लगाम है.

धन्यवाद..................




Thursday, May 6, 2010

प्रार्थी

धूमिल के बारे में बहुत से ऐसी बाते है जो लोगो को नहीं पता है। एक कवी होने के साथ ही साथ धूमिल एक लेखक, कहानीकार, और समाज सेवक भी थे। यही नहीं धूमिल एक कुशल अनुवादक भी थे और उन्होंने सुकांत भट्टाचार्य की कविताओं का हिंदी में अनुवाद भी किया है। आज मै आप सबके लिए धूमिल द्वारा अनूदित सुकांत भट्टाचार्य की एक कविता लेकर आया हूँ। एक बार फिर से उस युग पुरुष को नमन करके और इस विश्वास के साथ की आप लोगो को ये कविता पसंद आयेगी मै इस कविता को उनके चाहने वालो के बीच में रख रहा हूँ।

हे सूर्य ! जाड़े के सूर्य !
बर्फ सी ठंडी लम्बी रात तुम्हारी प्रतीक्षा में
हम रहते है
जैसे प्रतीक्षा कराती रहती है किसान की चंचल आँखे
धान कटने के रोमांचकारी दिनों की।

हे सूर्य तुम्हे तो पता है
हमारे पास गरम कपड़े की कितनी कमी है!
सारी रात घास फूस जलाकर,
एक टुकड़े कपड़े से कान ढंककर,
कितनी दिक्कतों से हम जाड़े को रोकते हैं!

सुबह की एक टुकड़ा धूप -
एक टुकड़े सोने से भी कीमती लगाती है।
घर छोड़ हम इधर उधर जाते है-
एक टुकड़े धूप की प्यास से।

हे सूर्य !
तुम हमारी सीलनदार भीगी कोठरी में
गर्मी और रोशनी देना,
और गर्मी देना-
रास्ते के बगल के उस नंगे लडके को।

हे सूर्य !
तुम हमें गर्मी देना -
सुना है तुम एक जलते हुए अग्निपिण्ड हो,
तुमसे गर्मी पाकर
एक दिन शायद हम सब एक-एक जलते हुए अग्निपिण्ड में बदल जाएँ !
उसके बाद जब उस उत्पात में जल जाएगी हमारी जड़ता,
तब शायद गरम कपड़े से ढँक सकेंगे
रास्ते के बगल के उस नंगे लडके को।
आज मगर हम तुम्हारे अकृपण उत्पात के प्रार्थी है॥



Monday, February 15, 2010

अलानी

यह कविता धूमिल ने २३ जून १९६२ अपनी बेटी इंदु के स्मृति में लिखा था। अपनी बेटी के मृत्यु का समाचार सुनकर, व्याकुल पितामन अपनी व्यथा को शब्दों के माध्यम से बड़े ही मार्मिक ढंग से कह देता है।


जिंदगी एक खूंखार इच्छा है
जो अपने को खा जाती
और निरामिष होना
आदमी की पहली कमजोरी
क्योंकि हमें शांति से
जीना है।
हम हर पैबंद को
नीचे ही
ढंक देना चाहते है
सत्य की एक शर्त भी होती है।
मैं
इसी इच्छा
इसी कमजोरी
और इसी शर्त को जीता हुआ
मरी हुई लड़की का बाप हूँ
जिसकी किलकारियां
मेरी असंख्य अपराधी मुद्राओं पर
अंकित है
" जी लो ओ पिता
जी लो यह जिंदगी
यह शांति !
यह सत्य !!
जी लो यह प्रतिस्पर्धा !!
अपनी संतानों से "
और मै चुपचाप सुनाता हूँ
बीमार अँधेरे में
आवाज का इस तरह
सिसक सिसक रोना ........ ।
शताब्दियों की मौत का जश्न
मनाता हुआ
अर्धविक्षिप्त सूर्य
पीली डोरियों में बांधकर
नीली पतंग उड़ा रहा है।
घूमती हुई धरती पर
मैं किसी आस्थागत संकल्प का
ध्वस्त शिलालेख
जीवित हूँ :
लिपियों का अंधापन
भगोड़ी आत्माओं को
ढूढता है
रीते भटकाव में।
किन्तु मै किसी शब्द को
अर्थ नहीं दूंगा
सारी परिभाषाएं मेरा परिवेश है
उन्हें फिर भी
तोडूंगा नहीं
ओ मेरी बच्ची।








Sunday, February 14, 2010

गरीबी

गरीबी धूमिल की एक अप्रकाशित कविता है। यह एक छोटी मगर उतनी ही सशक्त कविता है। शायद ये कविता धूमिल के प्रारंभिक कवितावों में से एक है जो आज तक प्रकाशित नहीं हुई है।


एक खुली हुई किताब
जो
हर समझदार -
और
मुर्ख के हाथ में दे दी गई।
कुछ उसे पढ़ते है
कुछ उसके चित्र देख
उलट
-पुलट रख देते
नीचे
- ' शो-केस ' के।

Wednesday, February 10, 2010

धूमिल और उनका संधर्ष

आज से ३५ साल पहले, यानि १० फरवरी १९७५, को हिंदी साहित्य का एक महान सूरज सदा के लिए अस्त हो गया।आज के ही दिन काल चक्र ने खेवली से उसके महान सपूत और हिंदी साहित्य के संघर्षशील और जोझारू कवी सुदामा पाण्डेय "धूमिल" को छीन लिया। ३५ साल पहले धूमिल ने अपने गाँव को जिस हल में छोड़ा था वो अब भी उसी तरह है। कुछ भी नहीं बदला। वहा आज भी न तो जंगल है न जनतंत्र / भाषा और गूंगेपन के बीच कोई दूरी नहीं है। वहा सब कुछ सदाचार की तरह सपाट और ईमानदारी की तरह असफल है। धूमिल खेवली के जेहन में एक योद्धा के रूप में उभरे। जब तक वे जिन्दा रहे, खेवली में उनका संधर्ष चलता रहा। उन्होंने खेवली में अपने को एक किसान सुदामा पाण्डेय के रूप में ही बनाये रखा। गुस्सैल, संघर्षशील और जोझारू सुदामा पाण्डेय के रूप में। धूमिल अपने कविता के माध्यम से एक क्रांति लाना चाहते थे और इसके लिए वो हमेशा संघर्ष करते रहे। जिस प्रकार कविता की रक्षा के लिए कबीर करघे पर कपड़ा बुनते थे, उसे बेचकर अपना खर्च चलते थे, संत रविदास कविता की रक्षा के लिए जूता बनाकर, उसे बेचकर अपना खर्च चलते थे, उसी प्रकार धूमिल ने सिर पर लोहा ढोकर अपना खर्च चलते थे। अपनी कविता की रक्षा कर रहे धूमिल का कर्म कबीर और रविदास से ज्यादा कठिनाइयों से भरा है।
"लोकतंत्र के
इस अमानवीय संकट के समय
कवितावों
के जरिये
मै भारतीय
वामपंथ
के चरित्र को
भ्रष्ट
होने से बचा सकूँगा "
एक
मात्र इसी विचार
से
मै रचना करता हूँ अन्यथा यह इतना दुस्साध्य
और कष्टप्रद है कि कोई भी व्यक्ति
अकेला
होकर मरना पसंद करेगा
बनिस्पत
इसमे आकर
एक
सार्वजनिक और क्रमिक मौत पाने के।

धूमिल ने अपनी जिंदगी अपने शर्तो और अपने हिसाब से जीया। वो कहते है कि "जिन्दगी को जीने के लिए किन - किन चीजों की जरूरत पड़ती है, रोटी कपड़ा और मकान। यह बहुत दिनों से चला आ रहा है, इसके आलावा भी बहुत कुछ है। लेकिन सबसे बड़ी चीज जो है वह मानसिक खुराक है। उस मानसिक खुराक की कमी के कारणकुण्ठा होतीहै। निराशा, हताशा और छटपटाहट होती है। ये जितने भी चालू शब्द है, सब उसी के विभिन्न रूप है। "
धूमिल कई मामलों में सबसे अलग थे। उनकी सोचने, उनकी बोलने और उनके लिखने का तरीका एकदम भिन्न था। वो अपने अधिकारों और उनकी सीमाओं से भली भात परिचित थे। लेकिन ज्याद न पढ़ पाने का मलाल थाउन्हें, अपने डायरी में धूमिल ने जिक्र किया है - मैंने अपने यहाँ कि धांधली को बहुत गहरे जाकर महसूस किया है।मेरे जैसा आदमी, जो ईमानदारी तथा देश निष्ठा का एकतरफा दावा करता है, जब यहाँ होने वाली वैधानिक धांधलियों को देखकर भी चुप रह जाता है, तो अचानक कई तरह के सवाल मन में पैदा होते है। क्या यह मेरी कमजोरी है कि मै उन बेईमान लोगों का खुलकर विरोध नहीं कर पाता? आखिर यह क्यों है ? अपनी प्राथमिक योग्यताओं के प्रमाणपत्रों कि कमी मुझे इस वक्त बुरी तरह खलती है। इतनी कम योग्यता वाले आदमी को जो सुविधा यह सरकारी नौकरी दे रही है वह शायद और नहीं मिलेगी (जैसा कि बेकारी का दिन है ) और यही वजह हैकि मै बहार कर दिए जाने के भय से चुप रह जाना अच्छा समझता हूँ।
वे बड़े ही बेबाकी के साथ अपनी बात कह देते थे और फिर उन बातों को सुनकर ऐसा लगता है कि ये सब बातें कहीन कही एक आम आदमी की जिंदगी से जुड़ी बात है। हम जिन बातों को स्वीकार करने में हिचकिचाते है, डरते है, धूमिल ने उन सब बातों को स्वीकार। धूमिल ने भाषा, धर्म और संस्कृति जैसे शब्दों पर, उनके समसामयिकमुहावरों पर पूरी उत्तेजना से बात करते हुए शत प्रतिशत सुविधाभोगी लोगो को बड़े गहरे जाकर देखा था।
धूमिल जब अस्पताल में ब्रेन ट्यूमर से लड़ रहे थे तब उन्होंने अपनी अंतिम कविता लिखी। उस वक्त उनकी नजरएकदम कमजोर हो चुकी थी और सिर में भयंकर दर्द था। जिंदगी भर दूसरो कि लड़ाई लड़ता हुआ एक संघर्षशील और जोझारू कवी १० फरवरी १९७५ को अपने जिंदगी कि लड़ाई हार गया।

शब्द किस तरह / कविता बनते हैं
इसे
देखो
अक्षरों
के बीच गिरे हुए आदमी को पढो
क्या
तुमने सुना
कि
यह लोहे कि आवाज है या
मिट्टी
में गिरे हुए खून का रंग
लोहे
का स्वाद
लोहार
से मत पूछो
उस
घोड़े से पूछो
जिसके
मुंह में लगाम है।

ये धूमिल कि अंतिम कविता है।

Thursday, February 4, 2010

आतिश के आनर सी वह लड़की

धूमिल की ये कविता सही मायने में महिला शक्ति को पहचानते हुए उन्हें प्रेरीर करता है कि वे अपने अधिकारों के लिए लड़े।

(कुमारी रोशन आरा बेगम के लिए - जिसने खुद ) को आततायी टैंक के नीचे बम के साथ डाल लिया )

"आजाद रहना हर वक्त एक नया अनुभव है "
वह प्यारी लड़की
अपने देश वासियों के खून में हमलावर दांतों की रपट पढ़ना
और उसके हिज्जे के खिलाफ कदम - ब - कदम
मौत के फैसले की ओर बढ़ना
छाती पर बांध कर बम
कम से कम, कहें जिन्हें कहना
यह अद्भुत साहस था बीसवीं
शताब्दी के आठवें दशक के तीसरे महीने में
लेकिन मै सिर्फ यह कहना चाहूँगा-
यह एक भोली जरूरत थी
औसतन गलत जिंदगी और
सही मौत चुनने का सवाल था
इसे अगर कविता की भाषा में कहूँ
यह जंगल के खिलाफ
जनतंत्र का मलाल था
बाबुल के देश का चुटिहल धड़कता हुआ
टुकड़ा था सीने में
और फैसले का वक्त था।
एक हाथ जो नाजुक जरूर था
लेकिन बेहद सख्त था
आजाद अनुभवों की लकीर को
पूरब की ओर आगे तक
खींच रहा था
और लोग चकित थे देख कर कि एक नंगा गुलाब
किस तरह लोहे के पहाड़ को अपनी
मुट्ठी में भीच रहा था
ठीक इसी तरह होता है
जवानी जब फैसले लेती है
गुस्सा जब भी सही जनून से उभरता है
हम साहस के एक नए तेवर से परिचित होते है
तब हमें आग के लिए
दूसरा नाम नहीं खोजना पड़ता है
मुमकिन था वह आपने देशवासियों की गरीबी से
साढ़े तीन हाथ अलग हटकर
एक लड़की अपने प्रेमी का सिर छाती पर रखकर
सो रहती देह के अँधेरे में
अपनी समझ और अपने सपनों के बीच
मै उसे कुछ भी न कहता सिर्फ कविता का दरवाजा
उसके लिए बंद रहता लेकिन क्या समय भी उसे
यूँ ही छोड़ देता ?
वह उसके चुम्बन के साथ
बारूद से जले हुए गोश्त का
एक सडा हुआ टुकड़ा जोड़ देता
और हवा में टांग देता उसके लिए
एक असंसदीय शब्द नीच
मुमकिन यह भी था थोड़ी सी मेंहदी और
एक अदद ओढ़नी का लोभ
लाल तिकोने के खिलाफ बोलता जेहाद
और अपने वैनिटी बैग में छोड़कर
बच्चों कि एक लम्बी फेहरिस्त
एक दिन चुपचाप कब्र में सो जाती
हवा कि इंकलाबी औलाद
लेकिन ऐसा हुआ नहीं।
ओ प्यारी भाभियों
ओ नटखट बहिनों
सिंगार दान को छुट्टी दे दो
आइने से कहो कुछ देर अपना अकेलापन घूरता रहे
कंघी के झडे हुए बालों की याद में गुनगुनाने दो
रिबन को फ़ेंक दो बाडिज अलगनी पर
यह चोटी करने का वक्त नहीं और न बाजार का
बालों को ऐंठकर जूड़ा बांध लो
और सब के सब मेरे पास आओ
देखो, मै एक नयी और तजा खबर के साथ
घर कि दहलीज पर खड़ा हूँ
ओह ! जैसा मैनें पहले कहा है -
बीस सेवों कि मिठास से भरा हुआ योवन
जब भी फटता है तो न सिर्फ टैंक टूटता है
बल्कि खून के छींटे जहाँ जहाँ पड़ते है
बंजर और परती पर आजादी के कल्ले फूटते है
और ओ प्यारी लड़की !
कल तू जहाँ आतिश के अनार कि तरह फूट कर
बिखर गयी है ठीक वहीँ से हम
आजादी की वर्ष गांठ का जश्न शुरू करते है।